मेयर ने परखी सुलेम सराय दाधिकांदो मेले की व्यवस्थाएं:कमेटी ने 10 शौचालय, 15 टैंकर की मांगे, सड़क, सीवर और लाइटें होंगी दुरुस्त


प्रयागराज के सुलेम सराय में 13 तारीख को होने वाले दाधिकांदो मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। नगर निगम ने इसके लिए काम शुरू कर दिया है। शनिवार को महापौर गणेश केसरवानी ने मेला क्षेत्र और चौकी मार्ग का दौरा किया। उन्होंने अधिकारियों को मेले से पहले सफाई, पीने के पानी, शौचालय, सड़क पर रोशनी और यातायात व्यवस्था को पूरी तरह ठीक करने के निर्देश दिए। महापौर ने मेला कमेटी के सदस्यों के साथ मुख्य रास्तों का जायजा लिया। कमेटी ने बताया कि मेला मार्ग से जुड़ी गलियों की सफाई और दूसरे जरूरी काम काफी हद तक पूरे हो चुके हैं। उन्होंने कुछ जगहों से मलबा हटाने और रोशनी की व्यवस्था सुधारने की मांग की। कमेटी ने 10 अस्थायी शौचालय और 15 पीने के पानी के टैंकर लगाने की भी मांग रखी। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेला मार्ग पर कहीं भी बिजली के तार नीचे या लटके नहीं होने चाहिए। सफाई के साथ मलबा और कूड़ा तुरंत हटाया जाए। कीटनाशक का छिड़काव, बंद सीवर और नालियों की सफाई सबसे पहले कराई जाए। उन्होंने सीवर लाइन में लीकेज वाली जगहों को ठीक करने और टूटे सीवर ढक्कनों को बदलने के लिए भी कहा। महापौर ने खराब स्ट्रीट लाइटों को मेले से पहले बदलने और जरूरत वाली जगहों पर अतिरिक्त अस्थायी रोशनी का इंतजाम करने को कहा। उन्होंने साफ किया कि रात में मेला क्षेत्र और आने-जाने वाले रास्तों पर अंधेरा नहीं रहना चाहिए। पीने के पानी और शौचालय की व्यवस्था पर भी खास ध्यान दिया गया। महापौर ने टैंकर ऐसी जगहों पर लगाने के निर्देश दिए, जहां श्रद्धालुओं को आसानी से पानी मिल सके। उन्होंने शौचालयों की नियमित सफाई और रखरखाव का इंतजाम पक्का करने को कहा। मेले के दौरान यातायात में कोई रुकावट न आए, इसके लिए आसपास के इलाकों में आवारा पशुओं को पकड़ने का अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। जरूरत वाली जगहों पर सड़क का पैचवर्क कराने के लिए भी कहा गया। महापौर ने कहा कि मेले की व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगर निगम की टीमें मेले के दौरान व्यवस्थाओं पर नजर रखेंगी। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त सादाब असलम, मुख्य अभियंता विद्युत संजय कटियार, महाप्रबंधक जलकल संजीव कुमार समेत नगर निगम के अधिकारी, पार्षद और मेला कमेटी के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *