एसपी ने बिहार बार्डर पकहां घाट चौकी का किया निरीक्षण:तस्करी रोकने के लिए पुलिसकर्मियों को सख्त हिदायत, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी


देवरिया के एसपी अभिजीत आर. शंकर ने मंगलवार रात करीब 10 बजे बघौचघाट थाना क्षेत्र स्थित पकहां घाट पुलिस चौकी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चौकी की व्यवस्थाओं, अभिलेखों और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। एसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को तस्करी और सीमावर्ती क्षेत्रों में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर सख्त नजर रखने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने चौकी पर मौजूद कर्मियों से ड्यूटी व्यवस्था, रात्रि गश्त, चेकिंग अभियान और सीमावर्ती क्षेत्रों की निगरानी के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि बॉर्डर क्षेत्र में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने तस्करी, अवैध शराब, मवेशी तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाने का निर्देश दिया। निरीक्षण के बाद, एसपी ने बिहार और कुशीनगर बॉर्डर क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने सीमावर्ती इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि बॉर्डर से गुजरने वाले सभी वाहनों की नियमित और सघन जांच सुनिश्चित की जाए तथा संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाए, ताकि किसी भी अवैध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके। उन्होंने जोर दिया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी बेहद जरूरी है। पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने और किसी भी संदिग्ध सूचना को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए गए। रात्रि गश्त, चेकिंग अभियान और बॉर्डर पेट्रोलिंग को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी बल दिया गया। इस दौरान, पुलिस अधीक्षक ने नवनियुक्त रिक्रूट आरक्षियों से भी बातचीत की। उन्होंने जवानों को अपने दायित्वों के प्रति सजग, अनुशासित और कर्तव्यनिष्ठ रहने की सीख दी। साथ ही, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, जनता के साथ बेहतर व्यवहार करने और पुलिस की सकारात्मक छवि बनाए रखने पर जोर दिया। एसपी ने कहा कि पुलिस की पहली जिम्मेदारी आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम करना है। इसके लिए हर पुलिसकर्मी को संवेदनशीलता और ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। पुलिस अधीक्षक के इस निरीक्षण के बाद पुलिस महकमे में सक्रियता बढ़ गई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *