13 साल पुराना उधार मांगने पर दलित अधेड़ को पीटा:हरदोई में 80 हजार रुपए का मामला, डंडों से हमला, जातिसूचक शब्द कहने का आरोप


हरदोई के बघौली में 13 साल पुराना उधार मांगना एक दलित अधेड़ को भारी पड़ गया। 2013 में दिए गए 80 हजार रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने बुजुर्ग को लात-घूंसों और डंडों से पीटा। उसने जातिसूचक अपशब्द कहे और जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित की शिकायत पर कोर्ट के दखल के बाद आरोपी पर केस दर्ज हुआ है। यह रिपोर्ट बघौली थाने में गुरुवार रात 9:15 बजे दर्ज की गई। जुटेला गांव के रहने वाले रामअवतार (52) ने 2013 में अपने ही गांव के कमलेश कुमार दीक्षित को 80 हजार रुपये उधार दिए थे। यह रकम रामअवतार ने बघौली स्थित आर्यावर्त क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक की शाखा से चेक के जरिए चार किस्तों में दी थी। इसमें 23 मई को 40 हजार, 4 जून को 8 हजार, 11 जून को 12 हजार और 15 जून 2013 को 20 हजार रुपये शामिल थे। इस लेनदेन की 100 रुपये के स्टाम्प पर गवाहों के सामने लिखापढ़ी भी हुई थी। जब पैसा वापस नहीं मिला, तो रामअवतार ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। झूठे केस में फंसाने की धमकी पुलिस ने 22 नवंबर 2024 तक भुगतान कराने का समझौता कराया था। इसके बाद भी रकम नहीं मिली। 12 जून 2026 की शाम 5 बजे जब पीड़ित दोबारा पैसे मांगने गया, तो आरोपी ने उसे जातिसूचक शब्द बोलते हुए डंडों से खूब पीटा। उसने झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी। थाने में सुनवाई न होने पर पीड़ित ने स्पेशल जज एससी/एसटी एक्ट की अदालत में अर्जी दी। कोर्ट के आदेश पर बघौली पुलिस ने आरोपी कमलेश के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *