बदायूं में विवाहिता की मौत:ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या के बाद शव लटकाने का आरोप


बदायूं के उझानी में 34 साल की एक विवाहिता का शव फंदे पर लटका मिला। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए परेशान करने और हत्या के बाद शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने सूचना मिलने पर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और फिर परिजनों को सौंप दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फंदे पर लटकने से मौत की पुष्टि हुई है। कासगंज के सोरों गेट स्थित मोहल्ला जय जयराम निवासी विनोद कुमार साहू ने पांच साल पहले अपनी बेटी नीतू साहू की शादी उझानी के मोहल्ला रामलीला मैदान, रेलवे रोड निवासी विशाल साहू पुत्र राजीव साहू से की थी। शादी के समय विशाल गुड़गांव में एक कंपनी में इंजीनियर के पद पर काम करता था। शादी के कुछ समय बाद उसकी नौकरी छूट गई और वह घर आकर रहने लगा। करीब दो साल बाद नीतू ने एक बेटे को जन्म दिया। मायके वालों का आरोप है कि इसके बाद पति विशाल, सास प्रवीना, ससुर राजीव और देवर सार्थक नीतू को दहेज के लिए परेशान करने लगे। ससुराल वाले गुड़गांव में फ्लैट और नकदी की मांग कर रहे थे। नीतू ने मायके वालों को इसकी जानकारी दी तो कई बार रिश्तेदारों और समाज के लोगों के माध्यम से पंचायत कर विवाद सुलझाने की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं बनी। मायके वालों के मुताबिक गुरुवार शाम नीतू के साथ ससुराल में मारपीट की गई। इसके बाद उसका शव फंदे पर लटका मिला। ससुराल वाले उसे मेडिकल कॉलेज नौशेरा लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने नीतू को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन मौके से चले गए। पड़ोसियों से सूचना मिलने पर मायके वाले मेडिकल कॉलेज पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मायके वालों ने पति समेत चार ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *