10 हजार महीना रंगदारी नहीं दी तो युवक पर हमला:8-10 लोगों ने रॉड-डंडों से पीटा, बेहोश छोड़कर भागे


लखनऊ के इंदिरानगर थाना क्षेत्र में रंगदारी नहीं देने पर बदमाशों ने युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। पीड़ित ने चार नामजद समेत 8 से 10 लोगों पर असलहे, डंडे और लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। मोहम्मदपुर मजरा निवासी अखिलेश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार रात करीब 10:45 बजे वह बजरंग चौराहे से घर लौट रहा था। इसी दौरान चेतराम, रितिक रावत, सूरज रावत, करन रावत समेत 8 से 10 लोगों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि सभी ने असलहे, डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। गंभीर पिटाई के बाद वह बेहोश होकर गिर पड़ा। हमलावर उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गए। होश आने पर डायल-112 को दी सूचना पीड़ित का कहना है कि होश आने के बाद उसने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस सहायता मांगी। पुलिस उसे मेडिकल परीक्षण के लिए सिविल अस्पताल ले गई, जहां उसका इलाज कराया गया। पहले से मांग रहा था ₹10 हजार महीना रंगदारी तहरीर में अखिलेश ने आरोप लगाया है कि चेतराम काफी समय से उससे हर महीने ₹10 हजार रंगदारी मांग रहा था। रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देता था। डर की वजह से उसने पहले शिकायत नहीं की। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने और अपनी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *