मुरादाबाद7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

कांवड़ यात्रा के मद्देनजर मुरादाबाद पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। यह प्रतिबंध 6 अगस्त 2026 की दोपहर 02:00 बजे से लागू होकर 11 अगस्त 2026 की शाम 05:00 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस अवधि में राष्ट्रीय राजमार्ग-09 (NH-09) पर मालवाहक और भारी वाहनों का संचालन पूरी तरह वर्जित रहेगा।
पुलिस ने दिल्ली, मेरठ, बरेली, लखनऊ, रामपुर और बिजनौर जाने वाले वाहनों के लिए व्यापक रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो और यातायात सुचारु रूप से चलता रहे। मुरादाबाद शहर सीमा के भीतर किसी भी भारी वाहन को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
बरेली और लखनऊ मार्ग पर जाने वाले भारी वाहन गांगन तिराहा, मैनाठेर, सिरसी और सम्भल होते हुए गंवा रोड से खिरनी कट पहुंचेंगे। यहां से वे गंगा एक्सप्रेस-वे का उपयोग कर सकेंगे।
दिल्ली जाने वाले सभी वाहनों को गांगन तिराहा से सम्भल, बबराला, नरौरा, बुलंदशहर और हापुड़-गाजियाबाद के रास्ते भेजा जाएगा। मेरठ जाने वाले वाहन भी इसी रास्ते से हापुड़ होकर मुड़ेंगे। इसके अतिरिक्त, चन्दौसी चौराहा और गंगा एक्सप्रेस-वे का वैकल्पिक मार्ग भी खुला रहेगा।
रामपुर जाने वाली बसें आजादनगर, कुन्दरकी, बिलारी और शाहबाद होकर चलेंगी। वहीं, बिजनौर जाने वाली समस्त बसें प्रेम वण्डरलैण्ड, रामपुर दौराहा, ठाकुरद्वारा, जसपुर और धामपुर के रास्ते अपनी यात्रा पूरी करेंगी।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्थानीय आवश्यकताओं और भीड़ के दबाव को देखते हुए इन डायवर्जन रूटों के समय में बदलाव भी किया जा सकता है। आम जनता से अपील की गई है कि वे इस अवधि में असुविधा से बचने के लिए तय किए गए वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें।
