हरदोई में 6 घंटे में 60mm बारिश हुई:सड़कें पानी में डूबीं, पिछले साल का रिकॉर्ड टूटा; अगले 3 दिन का अलर्ट


हरदोई में रविवार दोपहर अचानक मौसम बदल गया। दोपहर 3 बजे से रात 9 बजे तक रुक-रुककर तेज बारिश हुई। छह घंटे में 60 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। कम समय में हुई तेज बारिश से शहर की गलियां, सड़कें और फुटपाथ पानी में डूब गए। इससे लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। बारिश के कारण सबसे ज्यादा असर लोगों के आवागमन पर पड़ा। कई इलाकों में जलभराव के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। निचले इलाकों में 1 से 2 फीट तक पानी भरा बारिश के बाद आजाद नगर, सुभाष नगर, चल पुरवा, कौशलपुरी और आलू थोक समेत कई निचले इलाकों में नालियां ओवरफ्लो हो गईं। सड़कों पर 1 से 2 फीट तक पानी जमा हो गया। सांडी, हरपालपुर, शाहाबाद और गोपामऊ कस्बों में भी जलभराव की स्थिति बनी रही। रात में सार्वजनिक वाहन नहीं मिलने के कारण ग्रामीण इलाकों से आए यात्रियों को मालवाहक वाहनों से लिफ्ट लेकर जाना पड़ा।
कच्चे मकानों की छतें टपकीं, रातभर परेशान रहे लोग तेज बारिश के कारण कई पुराने और कच्चे मकानों की छतों से पानी टपकने लगा। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई परिवारों ने रात जागकर बिताई। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने नगर पालिका और संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की गई है।
इस सीजन में 1000 मिमी से ज्यादा बारिश हरदोई में इस मानसून सीजन में अब तक 1000 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश हो चुकी है। पिछले साल पूरे सीजन में 715.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी। ऐसे में इस बार पिछले साल के मुकाबले बारिश काफी अधिक हुई है।
अगले 3 दिन भी बारिश का अनुमान मौसम विशेषज्ञ रमेश वर्मा के अनुसार, हवा के दबाव में अचानक बदलाव और मानसून की सक्रियता के कारण कम समय में तेज बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, यह मौसमी बदलाव अभी जारी रह सकता है। जिले में अगले तीन दिनों तक रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *