![]()
समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव का बुलंदशहर दौरा बदल गया है। पहले से तय पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) महासम्मेलन को प्रशासनिक अनुमति नहीं मिली। इसके बाद कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। अब सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष महासम्मेलन की जगह प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। वे पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सीधी बात भी करेंगे। सपा ने पहले 12 सितंबर को बुलंदशहर के नुमाइश ग्राउंड या ट्रांसपोर्ट नगर में पीडीए महासम्मेलन करने की तैयारी की थी। हालांकि, जिला प्रशासन ने इन दोनों जगहों पर सम्मेलन की अनुमति देने से मना कर दिया। प्रशासन ने कमालपुर क्षेत्र में कार्यक्रम करने की अनुमति दी थी। सपा जिलाध्यक्ष मतलूब अली ने नुमाइश ग्राउंड या ट्रांसपोर्ट नगर में अनुमति के लिए जिलाधिकारी (डीएम) से दोबारा मुलाकात कर आवेदन किया है। कार्यक्रम स्थल की अनुमति को लेकर बनी उलझन के बीच पार्टी ने अपनी रणनीति बदल दी है। जिलाध्यक्ष मतलूब अली ने बताया कि अब अखिलेश यादव 12 की जगह 11 सितंबर को ही बुलंदशहर पहुंचेंगे। वे इस दौरान मीडिया को संबोधित करते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। साथ ही जिले के सपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन की गतिविधियों और आगामी चुनावी रणनीतियों पर बातचीत करेंगे। इस बदलाव के बाद भी जिला सपा इकाई अखिलेश यादव के स्वागत और 11 सितंबर के कार्यक्रम को सफल बनाने की तैयारियों में तेजी से जुट गई है। कार्यकर्ताओं में पार्टी प्रमुख के आने को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है।
Source link
बुलंदशहर में बदला सपा का कार्यक्रम:अब 11 सितंबर को प्रेस कांफ्रेंस और कार्यकर्ताओं के साथ रणनीति बनाएंगे सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव