![]()
हरदोई में बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग ने ‘स्कूल चलो अभियान-2026’ के दूसरे चरण के तहत एक जनजागरूकता रैली का आयोजन किया। यह रैली शनिवार, 18 जुलाई को दोपहर 1 बजे कलेक्ट्रेट परिसर से गांधी भवन तक निकाली गई। रैली का मुख्य उद्देश्य 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के प्रत्येक बच्चे का स्कूल में नामांकन सुनिश्चित करना था। इसके माध्यम से स्कूल से बाहर रह गए बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लोगों को जागरूक किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल ने हरी झंडी दिखाकर रैली का शुभारंभ किया। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, डायट प्राचार्य रमेंद्र कुमार सिंह, प्रभारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रभास कुँवर श्रीवास्तव, खंड शिक्षा अधिकारी डी.एल. राना और रतन लाल सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। रैली में बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। प्रतिभागियों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर शिक्षा के महत्व का संदेश दिया। उन्होंने अभिभावकों से सभी बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने की अपील की। कलेक्ट्रेट से गांधी भवन तक पूरे मार्ग में शिक्षा से जुड़े नारे गूंजते रहे। प्रभारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रभास कुंवर श्रीवास्तव ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का निकटतम परिषदीय विद्यालय में नामांकन कराएं, ताकि उन्हें गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क शिक्षा का लाभ मिल सके। इस अवसर पर सर्वाधिक नामांकन वृद्धि करने वाले पांच विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को मुख्य विकास अधिकारी ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इनमें बरसोहिया, गोंडाराव, काला आम, बसोहा सुमई और सहोरिया बुजुर्ग के प्रधानाध्यापक शामिल थे। रैली के सफल आयोजन में ईएमआईएस इंचार्ज शैलेन्द्र कुमार, डीसी राहुल दुबे, एसआरजी आशीष कुमार मिश्र, सभी एआरपी, अभय सिंह, शिव कुमार, पुष्पेंद्र और अजीत शुक्ला सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने सहयोग किया। कार्यक्रम के समापन पर छात्र-छात्राओं को जलपान भी वितरित किया गया।
Source link
हरदोई में स्कूल चलो अभियान की रैली निकली:5 स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को अधिक नामांकन पर सम्मानित किया गया