हरदोई में रिश्ता ठुकराने पर पिता-पुत्र पर हमला:लाठी-डंडों से मारपीट, गंभीर चोटें, पुलिस जांच में जुटी


हरदोई जिले के साण्डी थाना क्षेत्र स्थित बंजारन पुरवा गांव में शादी का रिश्ता ठुकराने के बाद पिता और पुत्र पर लाठी-डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। इस घटना में दोनों घायल हो गए हैं, जिनमें पिता के सिर में गंभीर चोट आई है। पीड़ित परिवार ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। गांव निवासी मोबिन पुत्र ताज खान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रविवार शाम करीब 6:30 बजे वह गांव में मोहर सिंह की दुकान पर गुटखा लेने गया था। आरोप है कि उसी दौरान गांव के इकलाख, इसरार, लतीफ और रुखसाना वहां पहुंचे और उसे गालियां देने लगे। मोबिन के विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मोबिन के अनुसार, विवाद के समय उनके पिता ताज खान भी बिलग्राम से घर लौट रहे थे। शोर-शराबा सुनकर वे मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी अभद्रता की। आरोप है कि इसके बाद सभी ने मिलकर ताज खान पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोट आई और वे घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। बीच-बचाव करने के दौरान मोबिन को भी चोटें आईं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि कुछ समय पहले आरोपी पक्ष उनके यहां शादी का रिश्ता लेकर आया था, जिसे परिवार ने स्वीकार नहीं किया था। इसी बात को लेकर आरोपी पक्ष रंजिश मानने लगा और मौका पाकर हमला कर दिया। घटना के बाद परिजनों ने घायलों को उपचार दिलाया और फिर साण्डी थाने पहुंचकर लिखित तहरीर दी। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जानकारी मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी बसंत राम ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *