![]()
कौशांबी जिले में घरेलू कलह से परेशान एक विवाहिता ने छत से कूदकर आत्महत्या कर ली। गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना सराय अकिल क्षेत्र के लाला का पुरवा गांव की है। यहां कमलाकांत की 24 वर्षीय पत्नी विद्या देवी ने शनिवार रात अपने घर की छत से छलांग लगा दी। परिजनों के अनुसार, विद्या का अपनी सास और ननद से अक्सर विवाद होता था, जिसके कारण घर में लंबे समय से तनाव का माहौल था। बताया गया कि शनिवार रात भी किसी बात को लेकर घर में कहासुनी हुई थी। इसके बाद विद्या छत पर गई और नीचे कूद गई। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे तत्काल एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने रविवार शाम उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर मृतका के मायके पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। विद्या के दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें दो वर्षीय युवराज और दस माह का शिवम शामिल हैं। मृतका के भाई ने शुरुआत में ससुराल पक्ष के खिलाफ तहरीर देने की बात कही थी, लेकिन रिश्तेदारों की पंचायत के बाद फिलहाल कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस ने परिजनों की मांग पर रविवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई आरोप संबंधी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
Source link
कौशांबी में विवाहिता ने छत से कूदकर जान दी:घरेलू कलह से परेशान थी, इलाज के दौरान हुई मौत, दो छोटे बच्चों की मां थी