![]()
हरदोई में ज्येष्ठ माह के सातवें बड़े मंगल के अवसर पर मां अन्नपूर्णा रसोई एवं भारतीय रोटी बैंक परिवार ने विशाल भंडारे का आयोजन किया। मंगलवार, 16 जून को जिला अस्पताल इमरजेंसी गेट स्थित मां अन्नपूर्णा रसोई परिसर में यह भंडारा आयोजित हुआ। इसमें अस्पताल में भर्ती मरीजों, उनके तीमारदारों, राहगीरों, श्रमिकों और जरूरतमंद लोगों को प्रसाद वितरित किया गया। भीषण गर्मी और उमस के बावजूद भंडारे में सुबह से ही लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। संस्था के स्वयंसेवकों ने व्यवस्था संभाली और प्रत्येक व्यक्ति को सम्मानपूर्वक भोजन प्रसाद ग्रहण कराया। सैकड़ों लोगों ने इस भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। संस्था पदाधिकारियों ने बताया कि बड़े मंगल का पर्व सेवा, दान और परोपकार का संदेश देता है। मां अन्नपूर्णा रसोई का उद्देश्य केवल भोजन उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के चेहरे पर मुस्कान लाना भी है। मां अन्नपूर्णा रसोई एवं भारतीय रोटी बैंक परिवार पिछले 10 वर्षों से हरदोई जनपद में सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय है। संस्था निराश्रितों, गरीबों और जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराने के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक कार्य भी करती है। पिछले चार वर्षों से जिला अस्पताल परिसर में नियमित रूप से रसोई संचालित कर मरीजों और उनके परिजनों की सहायता की जा रही है। भंडारे के दौरान उपस्थित सदस्यों ने ‘नर सेवा ही नारायण सेवा है’ के मूल मंत्र को दोहराते हुए कहा कि संस्था समाजहित के कार्यों को निरंतर जारी रखेगी। कार्यक्रम में भारतीय रोटी बैंक परिवार के अनेक सदस्य और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने जनसेवा के इस अभियान को और व्यापक बनाने का संकल्प लिया।
Source link
हरदोई में बड़े मंगल पर अन्नपूर्णा रसोई का भंडारा:जिला अस्पताल परिसर में सैकड़ों मरीजों, तीमारदारों ने लिया प्रसाद