हरदोई में दो बोलेरो की टक्कर:प्रधान पति समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती


हरदोई जिले में बृहस्पतिवार रात एक सड़क हादसे में ग्राम प्रधान पति सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के उन्नाव-कटरा मार्ग पर लमकन पुल के पास करीब 8:30 बजे हुई, जहाँ दो बोलेरो गाड़ियों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। जानकारी के अनुसार, फर्रुखाबाद जिले के शुभना मड़ैया गांव निवासी संजू (46) अपने 10 वर्षीय भतीजे पीयूष के साथ अपनी बोलेरो से सांडी थाना क्षेत्र के नयागांव स्थित ससुराल जा रहे थे। रास्ते में रूपापुर के पास उन्होंने सांडी थाना क्षेत्र के डावा गांव निवासी पिंटू (35) और अतुल (45) को अपनी गाड़ी में बैठा लिया। संजू की बोलेरो जैसे ही उन्नाव-कटरा मार्ग पर लमकन गांव के पास पहुंची, तभी सामने से महितापुर गांव की महिला प्रधान खुशबू के पति जल सिंह की बोलेरो आ गई। तेज रफ्तार के कारण दोनों गाड़ियों में आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में प्रधान पति जल सिंह सहित दोनों गाड़ियों में सवार सभी पांच लोग गंभीर रूप से घायल होकर वाहनों में फंस गए। राहगीरों की सूचना पर हरपालपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संदीप शुक्ला और उपनिरीक्षक महेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एम्बुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) हरपालपुर में भर्ती कराया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर ने सभी घायलों की हालत नाजुक बताते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *