हरदोई में करंट लगने से युवक की मौत:फर्राटा पंखे का तार लगाते समय हुआ हादसा, बेटियों के लिए छत पर लगा रहे थे पंखा


हरदोई के हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के खड़गपुर गांव में करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार देर रात हुई जब युवक फर्राटा पंखे का तार लगा रहा था। शनिवार सुबह उसे बेहोशी की हालत में पाया गया, जिसके बाद परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर ले गए। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 42 वर्षीय राजवीर सक्सेना के रूप में हुई है, जो खड़गपुर गांव के निवासी थे और खेती करते थे। उनके बड़े भाई श्यामवीर सक्सेना ने घटना के बारे में जानकारी दी। श्यामवीर सक्सेना के अनुसार, शुक्रवार रात राजवीर गांव के सतपाल के बेटे विक्रम की बारात में शामिल होने पाली थाना क्षेत्र के एक गांव गए थे। राजवीर की पत्नी रीता भी एक रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने गई हुई थीं। घर पर राजवीर की तीन बेटियां श्वेता, लाली और निराली मौजूद थीं, जो रात में छत पर सो रही थीं। बारात से देर रात लौटने के बाद राजवीर अपने कमरे में गए। वहां उन्होंने फर्राटा पंखे का तार बिजली बोर्ड में लगाया। इसी दौरान उन्हें करंट लग गया और वे गंभीर रूप से झुलस गए। शनिवार सुबह राजवीर की बेटी श्वेता जब कमरे में गईं, तो उन्होंने अपने पिता को बेहोशी की हालत में पड़ा देखा। श्वेता के बिलखने पर अन्य परिजन मौके पर पहुंचे और राजवीर को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर ले गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *