![]()
उन्नाव के थाना अजगैन क्षेत्र में शनिवार को एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना अजगैन-मोहन रोड से लगभग एक किलोमीटर दूर ग्राम धाराखेड़ा के पास हुई, जहां खेतों के बीच से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के पोल पर युवक का शव लटका मिला। शव मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मृतक की पहचान अंकित पाल (22 वर्ष) पुत्र सूरजपाल निवासी ग्राम उलरापुर, थाना हसनगंज, उन्नाव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक ने हाईटेंशन लाइन के निचले पोल के प्रथम सपोर्ट पर अपने गमछे के सहारे फांसी लगाई थी। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना अजगैन पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल की बारीकी से जांच की। प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। थाना पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के पीछे के कारणों की भी जांच कर रही है।
Source link
उन्नाव में युवक ने हाईटेंशन पोल पर लगाई फांसी:गमछे के सहारे फंदे से लटका मिला शव, पुलिस जांच में जुटी