![]()
हरदोई जिले के अतरौली क्षेत्र स्थित जाजूपुर गांव निवासी अमित कुमार सिंह का भारतीय मॉडर्न पेंटाथलॉन टीम में चयन हुआ है। उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात अमित अब दुबई (यूएई) में होने वाली 2026 एएमपीसी एशियन चैंपियनशिप और पुर्तगाल के फुंचाल में आयोजित होने वाली 2026 यूआईपीएम वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनके चयन से जिले में हर्ष का माहौल है। आधिकारिक चयन पत्र के अनुसार, अमित कुमार सिंह का चयन उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। इस उपलब्धि को हरदोई सहित पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण माना जा रहा है। खेल जगत से जुड़े लोगों और क्षेत्रवासियों ने उनके चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। अमित कुमार सिंह मूल रूप से जाजूपुर गांव के निवासी हैं। वर्तमान में वह लखनऊ स्थित लोक भवन सचिवालय में गृह विभाग के प्रशासनिक नियंत्रण के अंतर्गत हेड ऑपरेटर/सब-इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। अपनी नौकरी की व्यस्तताओं के बावजूद, उन्होंने लगातार अभ्यास जारी रखा और मॉडर्न पेंटाथलॉन में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। मॉडर्न पेंटाथलॉन एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के सचिव कन्हैया गुर्जर ने अमित कुमार सिंह के चयन की पुष्टि की और उन्हें बधाई दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अमित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतरीन प्रदर्शन कर देश, प्रदेश और हरदोई का नाम रोशन करेंगे। चयन की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव जाजूपुर और पूरे जनपद में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों ने इसे युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी बताया है।
Source link
हरदोई के अमित सिंह का भारतीय पेंटाथलॉन टीम में चयन:दुबई एशियन, पुर्तगाल वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे