![]()
सुल्तानपुर में शुक्रवार रात हुई भारी बारिश से शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया। लगभग 50 मिनट तक चली बारिश के कारण नवीन मंडी भी पानी से लबालब हो गई। जिला प्रशासन ने अगले 24 घंटों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। शुक्रवार रात करीब 11:45 बजे शहर में तेज बारिश शुरू हुई, जो लगभग 50 मिनट तक जारी रही। इससे पहले रात 8:20 बजे भी लगभग 40 मिनट तक बारिश हुई थी। इन दोनों अवधियों में हुई बारिश से कई वार्डों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान कुल 7.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, रात 12 बजे से तापमान 26-27 डिग्री सेल्सियस रहा और उत्तरी दिशा से 4-7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। रात में 6.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। विभाग ने शनिवार सुबह से भी बारिश की संभावना जताई है।
अनुमान है कि शनिवार दोपहर 12 बजे तक 1.1 मिलीमीटर बारिश हो सकती है और तापमान 32-34 डिग्री सेल्सियस रहेगा। दोपहर 12 बजे के बाद दक्षिण-पश्चिम दिशा से 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और लगभग 0.4 मिलीमीटर बारिश होने का अनुमान है। शाम 6 बजे के बाद 6.8 मिलीमीटर बारिश की संभावना है। कूरेभार और गोसाईंगंज क्षेत्रों में भी शुक्रवार को बारिश दर्ज की गई। शुक्रवार को सुबह से रात तक कई बार हुई बारिश से किसानों ने राहत की सांस ली है। इस समय धान की बेहन लगाई जा रही है, जिसके लिए पानी की अत्यधिक आवश्यकता होती है। हालांकि, कई क्षेत्रों में नहरों में अभी तक पानी नहीं आया है, जिससे किसानों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
Source link
सुल्तानपुर में 50 मिनट की बारिश से जलभराव:तापमान गिरा; प्रशासन ने अगले 24 घंटे का भारी बारिश का अलर्ट किया जारी