टोल प्लाजा पर बारातियों का हंगामा, मारपीट में दो घायल:VIP लेन के बैरियर तोड़े, कर्मियों से मारपीट; पीलीभीत से शाहजहांपुर आ रही थी बारात


शाहजहांपुर के टोल प्लाजा पर बारातियों ने जमकर हंगामा किया। टोल कर्मियों के साथ मारपीट की गई और केबिन व कुर्सियों में तोड़फोड़ की गई। यह घटना पीलीभीत से शाहजहांपुर आ रही एक बारात के दौरान हुई, जब बारातियों ने बगैर टोल दिए वीआईपी लेन से निकलने का प्रयास किया। शुक्रवार रात करीब दस बजे शुरू हुआ हंगामा साढ़े दस बजे तक चला। घटना शुक्रवार रात करीब दस बजे बंडा रोड स्थित सबली कटेली टोल प्लाजा पर हुई। बारात में शामिल चार वाहनों ने प्रति वाहन पचास रुपये का टोल बचाने के लिए वीआईपी लेन से निकलने की कोशिश की। दो वाहन बैरियर तोड़ते हुए आगे निकल गए, लेकिन टोल कर्मियों ने अन्य दो वाहनों को रोक लिया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। विवाद बढ़ने पर कुछ बाराती हॉकी स्टिक लेकर टोल पर पहुंचे। इनमें दो महिलाएं भी शामिल थीं। उन्होंने टोल कर्मियों के केबिन को तोड़ दिया, जिससे शीशे जमीन पर बिखर गए। टोल की कुर्सियों और अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचाया गया। इस दौरान सिधौली थाना क्षेत्र के टोल कर्मी अजय कुमार को चोटें आईं। वहीं, तोड़फोड़ के दौरान दूसरे पक्ष की रिंकी नामक महिला को भी मामूली चोट लगी। घटना के समय टोल पर छह कर्मी तैनात थे।
टोल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में महिलाओं द्वारा तोड़फोड़ की घटना कैद हो गई है। घटना के दौरान का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ महिलाएं टोल कर्मियों से भिड़ती हुई दिखाई दे रही हैं। यह बारात पीलीभीत जिले के थाना माधोटांडा क्षेत्र के करनापुर गांव से शाहजहांपुर शहर के दहेलगंज मोहल्ले आ रही थी। सबली कटेली टोल प्लाजा के असिस्टेंट मैनेजर ने बताया कि वीआईपी लेन का उपयोग केवल आपातकालीन स्थितियों में किया जाता है और वह भी टोल कर्मी द्वारा बैरियर हटाने के बाद। उन्होंने आरोप लगाया कि बारातियों ने टोल शुल्क बचाने के लिए बैरियर तोड़ते हुए निकलने का प्रयास किया। यह हंगामा करीब आधे घंटे तक चलता रहा। पुलिस के पहुंचने के बाद हंगामा शांत हुआ। थाना प्रभारी आरके रावत ने बताया कि दोनो पक्षों की तरफ से तहरीर मिली है।घायलों का मेडिकल कराया गया है।उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *