![]()
लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र में सोमवार शाम तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार बाप-बेटे को टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा कानपुर रोड पर हुआ। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सरोजनी नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, पिता अपने बेटे को यूपी पुलिस की परीक्षा दिलाने कानपुर गए थे। लौटते समय बंथरा में यह हादसा हो गया। घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कानपुर में यूपी पुलिस की परीक्षा दिलाने गए थे मृतकों की पहचान इटौंजा थाना क्षेत्र के भगौतापुर निवासी कमलेश कुमार त्रिवेदी (55) और उनके बेटे अखिल त्रिवेदी (21) के रूप में हुई है। कमलेश गांव में पान की दुकान चलाते थे। वे सोमवार को अखिल को कानपुर में उत्तर प्रदेश पुलिस की परीक्षा दिलाने गए थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद शाम को कमलेश और अखिल बाइक से अपने घर लौट रहे थे। शाम करीब 7 बजे बंथरा थाना क्षेत्र में आजाद गेस्ट हाउस के पास कानपुर रोड पर पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और उन्हें रौंदते हुए भाग निकला। घटना के बाद चालक फरार राहगीरों की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने 108 एंबुलेंस के माध्यम से दोनों को अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद डंपर चालक कुछ दूरी पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को अपने कब्जे में ले लिया है। मृतक कमलेश के परिवार में अब उनकी पत्नी और बड़ा बेटा आकाश बचे हैं। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Source link
सिपाही परीक्षा से लौट रहे बाप-बेटे को डम्पर ने रौंदा:कानपुर से दोनों बाइक से लखनऊ लौट रहे थे, मौके पर मौत