![]()
दीपावली के दौरान ट्रेनों में बढ़ती वेटिंग को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को राहत देने की तैयारी शुरू कर दी है। लखनऊ से दिल्ली, मुंबई और हावड़ा रूट पर चलने वाली प्रमुख ट्रेनों में तत्काल कोटे की सीटों की संख्या बढ़ाई जा सकती है। रेलवे ने इसके लिए बोर्ड से अनुमति मांगी है। प्रस्ताव मंजूर होने पर तत्काल कोटे की सीटें मौजूदा संख्या से लगभग दोगुनी होकर 12 हजार से अधिक हो सकती हैं। दीपावली से पहले ही लखनऊ आने वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग शुरू हो गई है। त्योहार के बाद वापसी के लिए भी कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो रहा है। लखनऊ से दिल्ली जाने वाली लखनऊ मेल, एसी एक्सप्रेस, गोमती, अयोध्या-दिल्ली, काशी विश्वनाथ, गोरखधाम और वैशाली जैसी ट्रेनों में यात्रियों को वेटिंग का सामना करना पड़ रहा है। इसी तरह मुंबई रूट की पुष्पक, अवध, कुशीनगर और गोरखपुर-एलटीटी तथा हावड़ा रूट की अमरनाथ और बाघ एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों में भी सीटों की मांग बढ़ गई है। अभी 6,500 सीटों का तत्काल कोटा लखनऊ से दिल्ली, मुंबई और हावड़ा रूट की ट्रेनों में फिलहाल करीब 6,500 सीटें तत्काल कोटे में आती हैं। इनमें लगभग 4,200 स्लीपर और 2,300 एसी श्रेणी की सीटें शामिल हैं। हालांकि ट्रेनों और परिचालन व्यवस्था के अनुसार तत्काल कोटे की सीटों की संख्या में बदलाव होता रहता है। रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद दीपावली के दौरान यह संख्या बढ़ाकर 12 हजार से अधिक किए जाने की तैयारी है। त्योहार बाद तत्काल कोटा फिर होगा सामान्य रेलवे अधिकारियों के मुताबिक तत्काल कोटे में प्रस्तावित बढ़ोतरी स्थायी नहीं होगी। दीपावली और उसके आसपास यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए यह व्यवस्था अस्थायी रूप से लागू की जाएगी। त्योहार का दबाव कम होने के बाद तत्काल कोटे की सीटें पहले की व्यवस्था के अनुसार कर दी जाएंगी। दलालों पर भी आरपीएफ की रहेगी नजर तत्काल टिकटों की बढ़ती मांग के बीच दलालों पर अंकुश लगाने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को भी सक्रिय किया जा रहा है। आरक्षण केंद्रों पर जवान सादी वर्दी में निगरानी करेंगे। वहीं आरपीएफ की सीआईबी टीम प्रतिबंधित सॉफ्टवेयर के जरिए तत्काल टिकटों में सेंध लगाने वाले दलालों के खिलाफ छापेमारी और कार्रवाई करेगी। रेलवे का मकसद तत्काल कोटे की बढ़ी हुई सीटों का लाभ सीधे यात्रियों तक पहुंचाना है।
Source link
दीपावली पर रेलवे तत्काल कोटा को करेगा दुगना:6500 से बढ़कर 12 हजार होगी तत्काल सीटें, दिल्ली मुंबई और हावड़ा रूट के लिए रेलवे बोर्ड को भेजा गया प्रस्ताव