![]()
शाहजहांपुर में शुक्रवार रात करीब साढ़े दस बजे एक सड़क हादसे में भाजपा सांसद के प्रतिनिधि गौरव प्रताप राघव और उनकी पत्नी विजय लक्ष्मी सिंह घायल हो गए। उनकी बाइक को एक स्कार्पियो कार ने पीछे से टक्कर मार दी थी। टक्कर के बाद कार चालक मौके से भागने लगा, जिसे स्थानीय लोगों ने पीछा कर पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। यह घटना थाना जलालाबाद क्षेत्र के प्रताप नगर में रात करीब साढ़े दस बजे हुई। गौरव प्रताप राघव अपनी पत्नी के साथ बाइक से शहर से अपने घर लौट रहे थे। घर से कुछ ही दूरी पर पीछे से आ रही एक स्कार्पियो कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक अपनी गाड़ी लेकर भागने लगा। तभी आसपास मौजूद लोगों ने उसका पीछा किया और उसे घेरकर पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने चालक की जमकर पिटाई की। बताया जा रहा है कि कार चला रहा युवक खुद को एक बैंक का मैनेजर बता रहा है। जानकारी के अनुसार, उसके पिता पिछले विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी से चुनाव लड़ चुके हैं। घटना की सूचना मिलने पर दोनों पक्षों के लोग जलालाबाद थाने पहुंचे। उन्होंने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने घायल गौरव प्रताप राघव और उनकी पत्नी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया है। सीओ तिलहर ज्योति यादव ने बताया कि कार और बाइक की टक्कर हुई है। बाइक सवार घायल पति-पत्नी को अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों से तहरीर ले ली है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
Source link
सांसद प्रतिनिधि और पत्नी घायल…बाइक से घर लौट रहे थे:स्कार्पियो ने बाइक को टक्कर मारी, कार ड्राइवर को लोगों ने पीटा