सहारनपुर में ATS ने संभाला कांवड़ मार्ग का मोर्चा:3 से 10 अगस्त तक सभी स्कूल-कॉलेज बंद, ऑनलाइन होगी पढ़ाई, कांवड़ियों की बढ़ती भीड़ के बीच प्रशासन अलर्ट


उत्तराखंड की ओर जाने वाली कांवड़ यात्रा के मद्देनजर सहारनपुर में सुरक्षा व्यवस्था को और अभेद बनाने के लिए आतंकवाद निरोधी दस्ता (एटीएस) भी सक्रिय हो गया है। एटीएस की टीम ने जिले में पहुंचकर कांवड़ मार्ग, प्रमुख शिविरों, धार्मिक स्थलों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी शुरू कर दी है। वहीं कांवड़ियों की लगातार बढ़ती संख्या और यातायात व्यवस्था को देखते हुए जिला प्रशासन ने 3 से 10 अगस्त तक जिले के सभी शिक्षण संस्थानों में भौतिक अवकाश घोषित कर दिया है। एटीएस की टीम स्थानीय पुलिस, खुफिया इकाइयों और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रख रही है। अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग, प्रमुख शिविरों और संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई के लिए सभी सुरक्षा इकाइयों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। कांवड़ मार्ग पर पहले से सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन, पीए सिस्टम और कंट्रोल रूम के माध्यम से निगरानी की जा रही है। इसके अलावा होटल, धर्मशाला, बस अड्डा, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी विशेष चौकसी बरती जा रही है। श्रावण माह के चौथे दिन रविवार को सहारनपुर जनपद पूरी तरह भोलेनाथ की भक्ति में डूबा नजर आया। 30 जुलाई से शुरू हुई कांवड़ यात्रा के साथ ही शिवभक्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से कांवड़ मार्ग शिवमय हो गया है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। सहारनपुर से होकर गुजरने वाले अधिकांश कांवड़िये हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के रहने वाले हैं। कांवड़ियों की सुविधा के लिए मार्ग पर जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए हैं, जहां भोजन, पेयजल, विश्राम और चिकित्सा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सामाजिक और धार्मिक संगठन भी श्रद्धालुओं की सेवा में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार कांवड़ मार्ग पर गश्त कर रही हैं। कांवड़ यात्रा का समापन 11 अगस्त को जलाभिषेक के साथ होगा और जैसे-जैसे यह तिथि नजदीक आ रही है, श्रद्धालुओं की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। कांवड़ यात्रा के दौरान भारी भीड़, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से जारी आदेश के अनुसार 3 अगस्त से 10 अगस्त 2026 तक जनपद के सभी परिषदीय, राजकीय, सहायता प्राप्त, अशासकीय, वित्तविहीन, सीबीएसई, आईसीएसई, संस्कृत बोर्ड, मदरसा बोर्ड तथा अन्य सभी बोर्डों से संचालित प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक के विद्यालय बंद रहेंगे। इसके साथ ही डिग्री कॉलेज, डायट और तकनीकी शिक्षण संस्थानों में भी इस अवधि के दौरान भौतिक अवकाश रहेगा। हालांकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों को यथासंभव ऑनलाइन माध्यम से शैक्षणिक गतिविधियां संचालित कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा के सुरक्षित और शांतिपूर्ण संचालन के साथ श्रद्धालुओं एवं विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी शिक्षण संस्थानों को आदेश का कड़ाई से पालन करना होगा। एसएसपी अभिनंदन ने कहा कि कांवड़ यात्रा की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्थानीय पुलिस के साथ एटीएस, खुफिया इकाइयों और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ कार्य कर रही हैं। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *