सहारनपुर में शराब ठेके के सेल्समैन से मारपीट और लूट:जेब से 20 हजार लूटे, सिर पर मारी तमंचे की बट और ईंट


सहारनपुर में देवबंद थाना क्षेत्र में स्थित एक देशी शराब के ठेके पर रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब शराब पीकर पहुंचे कुछ युवकों पर ठेका कर्मचारी से मारपीट, गाली-गलौज और नकदी लूटने के गंभीर आरोप लगे। पीड़ित कर्मचारी ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद इलाके में कानून व्यवस्था को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। जानकारी के अनुसार, थाना देवबंद के ग्राम कुमारसी निवासी मोनू शर्मा पुत्र सोमपाल, जो देवबंद क्षेत्र में देशी शराब के ठेके पर कर्मचारी है, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रविवार 3 मई 2026 को करीब सुबह 11 बजे ठेके पर मौजूद था। इसी दौरान पदम नामक युवक और उसके दो अन्य साथी, जो कथित तौर पर शराब के नशे में थे, वहां पहुंचे। आरोप है कि तीनों युवकों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। जब मोनू ने विरोध किया तो मामला अचानक हिंसक हो गया। शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने लाठी-डंडों और मुक्कों से हमला बोल दिया। इस हमले में मोनू के सिर और पसलियों में चोट आई, जबकि बीच-बचाव कराने पहुंचे हरिओम को भी चोट लगने की बात कही गई है। पीड़ित का कहना है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसकी जेब से जबरन 20 हजार रुपये भी निकाल लिए। इतना ही नहीं, जाते-जाते आरोपियों ने दोबारा दिखने पर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े। शिकायत में पिंवा त्यागी, दुष्यंत समेत अन्य स्थानीय लोगों के नाम भी गवाह के रूप में बताए गए हैं। पीड़ित का दावा है कि यदि लोग मौके पर न पहुंचते तो जान को गंभीर खतरा हो सकता था। थाना देवबंद पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच कर आरोपियों की पहचान की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट और गवाहों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *