जीआरपी ने 24 घंटे में किया चेन स्नेचिंग का खुलासा:कोच अटेंडेंट सहित 4 चोर गिरफ्तार, सोने के गहने और नकदी बरामद


जीआरपी बरेली जंक्शन पुलिस ने रेलवे प्लेटफॉर्म पर चलाए जा रहे संदिग्ध व्यक्ति व वस्तु चेकिंग अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने चोरी के दो अलग-अलग मामलों में 4 बदमाशों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से सोने की चेन के टुकड़े, नोज रिंग, हाथ की रिंग और नकदी बरामद हुई है। पहले मामले में जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार वर्मा व उप-निरीक्षक अनुराग प्रताप सिंह की टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर 04 के अंतिम छोर पर दबिश देकर तीन संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों की पहचान ट्रेन में कोच अटेंडेंट के रूप में कार्य करने वाले शेखर (22 वर्ष), गजब सिंह (30 वर्ष) और अनित कश्यप (21 वर्ष) के रूप में हुई, जो उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के निवासी हैं। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सोने की चेन के तीन टुकड़े बरामद हुए। पुलिस ने घटना के महज 24 घंटे के भीतर इस मामले का खुलासा कर दिया। दूसरे मामले में उप-निरीक्षक संजीव कुमार की टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर प्लेटफॉर्म नंबर 01 पर बरेली साइन बोर्ड के पास से बदायूं निवासी परवेज (32 वर्ष) पुत्र मुशर्रफ को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से चोरी की 2 सोने की नोज रिंग, 1 हाथ की रिंग और 2,200 रुपये नगद बरामद किए गए। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार परवेज एक शातिर किस्म का अपराधी है, जिस पर बदायूं जिले के सहसवान, मुजरिया और जरीफनगर थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के 6 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *