![]()
सहारनपुर में कोतवाली मंडी पुलिस ने अवैध पशु कटान के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक फरार हो गया। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अवैध मीट और कटान में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। शनिवार को एसएसपी के निर्देश पर कोतवाली मंडी थाना पुलिस कमेला कॉलोनी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मंडी समिति के पीछे आजाद कॉलोनी स्थित एक गोदाम से संदिग्ध आवाजें सुनाई दीं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो पाया कि पांच लोग बिना किसी अनुमति के अवैध रूप से पशुओं का कटान कर रहे थे। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी की। इस कार्रवाई के दौरान एक आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा, जबकि चार आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बहार अहमद उर्फ कालू, तमकीन, कासिफ और मोहम्मद तौफीक के रूप में हुई है। ये सभी सहारनपुर के अलग-अलग इलाकों के निवासी हैं। पुलिस ने मौके से करीब 4 क्विंटल अवैध मीट बरामद किया है। इसके अतिरिक्त, कटान में इस्तेमाल होने वाले कई खतरनाक उपकरण भी मिले हैं, जिनमें कुल्हाड़ी, चापड़, लोहे के हुक, रस्सियां और स्टील के बर्तन शामिल हैं। गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों के पास से चार अवैध छुरे भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इस मामले में आर्म्स एक्ट और पशु क्रूरता अधिनियम सहित गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की तैयारी की जा रही है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि इस तरह के अवैध कारोबार पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी।
Source link
सहारनपुर में अवैध पशु कटान गिरोह का भंडाफोड़:पुलिस ने चार आरोपी दबोचे, भारी मात्रा में मीट और उपकरण बरामद