बच्चे का हत्यारोपी पुलिस से मुठभेड़ में घायल:जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली, अस्पताल में भर्ती


रामपुर में सात वर्षीय बच्चे की हत्या के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। जवाबी फायरिंग में आरोपी रेहान के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि यह घटना रामपुर के थाना केमरी क्षेत्र की है। 14 अप्रैल 2026 को सात वर्षीय बच्चा अचानक लापता हो गया था। बच्चे की गुमशुदगी थाने में दर्ज कराई गई थी। उस समय गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में एक रैली निकाली जा रही थी, जिसमें बच्चा शामिल था। परिजनों और पुलिस ने बच्चे की काफी तलाश की, लेकिन दो से तीन दिन बाद उसका शव गांव खेमपुर के जंगल में गेहूं के खेत से बरामद हुआ। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि बच्चे की हत्या की गई थी। मामले के खुलासे के लिए एसओजी और सर्विलांस टीम को लगाया गया। पुलिस जांच के दौरान उसी गांव के रहने वाले आरोपी रेहान का नाम सामने आया। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। शनिवार रात करीब आठ बजे पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी खेतों और घरों में छिपा हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम उसे पकड़ने पहुंची तो आरोपी ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस जवाबी कार्रवाई में आरोपी रेहान के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, खोखा कारतूस और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर हत्या के पीछे के कारणों का पता लगा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *