बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों ने उपकेंद्र घेरा:300 से 400 लोग पहुंचे, एक हफ्ते में सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी


पीलीभीत में पूरनपुर क्षेत्र में बुधवार रात करीब 10 बजे अघोषित बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों ने 132 केवी विद्युत उपकेंद्र का घेराव कर हंगामा किया। शेरपुर कलां, जटपुरा, रुद्रपुर समेत आसपास के गांवों से 300 से 400 ग्रामीण उपकेंद्र पहुंचे। लोगों ने रात की बिजली कटौती बंद करने और सप्लाई व्यवस्था सुधारने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि रात में बिजली गुल रहने से भीषण गर्मी और उमस में बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोग परेशान हैं। अंधेरा होने के कारण जंगली जानवरों के गांव में घुसने का डर भी बना रहता है। बड़ी संख्या में ग्रामीणों के पहुंचने से उपकेंद्र पर मौजूद अधिकारी और कर्मचारी भी परेशान हो गए। एसएसओ को सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी नाराज ग्रामीणों ने उपकेंद्र पर तैनात एसएसओ सर्वेश कुमार को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बिजली सप्लाई में तत्काल सुधार की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि एक सप्ताह के भीतर रात की कटौती बंद नहीं हुई और बिजली व्यवस्था ठीक नहीं की गई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। 50 से ज्यादा गांवों को बिजली देने का दावा ग्रामीणों का कहना है कि शेरपुर बिजली घर से 50 से ज्यादा गांव जुड़े हैं। आरोप है कि यहां की बिजली काटकर पूरनपुर कस्बे में सप्लाई भेज दी जाती है। इससे गांवों में लगातार बिजली कटौती हो रही है। अधिकारी का नाम पूछने पर दोबारा शुरू हुई नारेबाजी ज्ञापन देने के बाद ग्रामीण वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सुरक्षा गार्ड गुरदेव सिंह ने एक अधिकारी का नाम पूछा। सही जवाब नहीं मिलने पर ग्रामीण दोबारा गेट पर पहुंच गए और नारेबाजी शुरू कर दी। इससे मौके पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई। कोतवाल ने समझाकर ग्रामीणों को शांत कराया मामले की जानकारी पर पूरनपुर कोतवाल पवन पांडे मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया और उनकी शिकायतें उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का भरोसा दिया। प्रदर्शन में पूर्व प्रधान विपिन, नदीम, सलमान, मोहित समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *