![]()
गोंडा जिले के छपिया थाना क्षेत्र में रविवार देर रात सर्राफा व्यवसायी समर कसौधन को गोली मारने की घटना के 36 घंटे बाद भी पुलिस मामले का खुलासा नहीं कर पाई है। यह घटना फूलपुर चौराहे से करीब 100 मीटर पहले हुई थी। मामले के खुलासे के लिए छपिया थाने सहित कुल पांच पुलिस टीमें गठित की गई हैं। इन टीमों ने सिसईरानी स्थित सर्राफा व्यवसायी की दुकान से लेकर फूलपुर चौराहे तक लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। कुछ सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध व्यक्ति आते-जाते दिखाई दिए हैं, जिनकी पहचान और तलाश की जा रही है। पुलिस की सर्विलांस सेल भी सक्रिय है और घटना के समय क्षेत्र में सक्रिय मोबाइल नंबरों की जांच कर रही है। इस बीच, घायल सर्राफा व्यवसायी समर कसौधन को बेहतर इलाज और हाथ की सर्जरी के लिए अयोध्या मेडिकल कॉलेज से लखनऊ केजीएमसी रेफर कर दिया गया है। उनका इलाज और सर्जरी लखनऊ में जारी है। यह घटना रविवार देर रात उस समय हुई जब अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने लूट के प्रयास में असफल होने पर समर कसौधन को गोली मार दी। गोली उनके बाएं हाथ में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद सर्राफा व्यवसायी के घर पर भी पुलिस बल तैनात किया गया है और परिजनों पर भी नजर रखी जा रही है। छपिया थाना अध्यक्ष प्रबोध कुमार ने बताया कि समर कसौधन की हालत स्थिर है और उनकी लखनऊ में हाथ की सर्जरी की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि सीसीटीवी फुटेज में कुछ संदिग्ध दिखे हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा करने का दावा किया है। हालांकि, पीड़ित के बयानों में विरोधाभास भी सामने आ रहा है।
Source link
सर्राफा व्यापारी गोलीकांड: 36 घंटे बाद भी खुलासा नहीं:गोंडा में 5 टीमें संदिग्धों की तलाश में जुटी, घायल लखनऊ रेफर