![]()
जालौन जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने जालौन कोतवाली में आयोजित थाना समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को शिकायतों के निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। इस समाधान दिवस पर जनपद के सभी थानों में कुल 69 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 27 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के समाधान के लिए पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें संबंधित स्थलों पर भेजी गईं।
अकेले जालौन कोतवाली में पांच शिकायतें मिलीं, जिनमें से तीन का मौके पर निस्तारण हुआ। मुख्य रूप से चकरोड, नाली निर्माण, जलभराव और बारिश से संबंधित मामले सामने आए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण के लिए मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता और दूसरे पक्ष को बुलाकर नियमानुसार निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाए।
डीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि शिकायत का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित न रहे। संबंधित अधिकारी शिकायतकर्ता से फीडबैक प्राप्त करें और उसकी संतुष्टि के बाद ही प्रकरण को निस्तारित माना जाए। समीक्षा के दौरान, डीएम ने विरासत, खतौनी में नाम की त्रुटि, हदबंदी और भूमि संबंधी मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राजस्व मामलों में अनावश्यक देरी से आमजन को परेशानी होती है, इसलिए निर्धारित समय-सीमा में प्रभावी कार्रवाई की जाए।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस और राजस्व अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी राकेश सोनी सहित थाना प्रभारी और संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
Source link
समाधान दिवस पर 69 शिकायतें मिलीं, 27 का समाधान:जालौन डीएम-एसपी ने सुनीं समस्याएं, शेष के लिए संयुक्त टीमें गठित