![]()
हरदोई में बारिश के बाद सड़कों की बदहाली को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं ने अनोखा प्रदर्शन किया। गुरुवार दोपहर 3:40 बजे शहर की नघेटा रोड पर कार्यकर्ताओं ने पानी से भरे गड्ढों में भाजपा के झंडे लगाकर धान की रोपाई की और नारेबाजी की। यह सड़क दो साल पहले बनी थी, जो अब पूरी तरह से टूट चुकी है। यह सड़क नगर पालिका हरदोई के कार्य क्षेत्र में आती है। यह प्रदर्शन समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव और नगर पालिका अध्यक्ष के पूर्व प्रत्याशी रामज्ञान गुप्ता के नेतृत्व में हुआ। प्रदर्शनकारी हाथों में सपा और भाजपा दोनों के झंडे लिए हुए थे, जिन्हें उन्होंने कीचड़ भरे गड्ढों में लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया। रामज्ञान गुप्ता ने स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहली ही बारिश में पूरा शहर तालाब में तब्दील हो गया है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि नघेटा रोड, हरदोई नगर पालिका के कार्य क्षेत्र में आती है। रामज्ञान गुप्ता ने नघेटा रोड के अलावा आरआर इंटर कॉलेज, बाल विद्या भवन, मन्ना पुरवा के पास लखनऊ मार्ग, बिलग्राम चुंगी, मंगली पुरवा और गंगा देवी कॉलेज रोड जैसी शहर की अन्य प्रमुख सड़कों की भी दयनीय स्थिति का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन सड़कों पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। सपा नेता ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि नघेटा रोड सहित शहर की अन्य खराब सड़कों की मरम्मत और जल निकासी का स्थायी समाधान जल्द नहीं किया गया, तो समाजवादी पार्टी इस आंदोलन को और तेज करेगी। इस दौरान कई स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन के रवैये पर नाराजगी व्यक्त की। प्रदर्शन में समाजवादी व्यापार सभा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष सुधीर गुप्ता मिन्ना, अवनीश यादव, धर्मेंद्र यादव दीपू, चंद्रप्रकाश गुप्ता, रामदत्त गुप्ता, शुभम गुप्ता, श्याम गुप्ता, दुर्गेश, रिंकू गुप्ता, हरिश्चंद्र और रमेश यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
Source link
सपा कार्यकर्ताओं ने सड़क के गड्ढों में रोपे धान:हरदोई में भाजपा झंडे लगाकर नघेटा रोड की बदहाली पर विरोध प्रदर्शन