रिजवान खान | मेरठ3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

मेरठ में आगामी त्योहारों के मद्देनजर मेरठ जोन में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की जा रही है। अमावस्या के स्नान और नवरात्र को देखते हुए घाटों, शक्तिपीठों, मंदिरों, प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस का पहरा रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने विशेष तैयारियां की हैं। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा, जबकि सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।
मेरठ जोन के एडीजी भानु भास्कर ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा इंतजामों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी। स्नान स्थलों और धार्मिक स्थानों पर भीड़ को नियंत्रित करने के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
भीड़भाड़ वाले स्थानों पर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन उड़ाकर निगरानी की जाएगी। वहीं, प्रमुख स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी।
पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। धार्मिक आयोजनों के दौरान किसी भी तरह की अफवाह या विवाद की स्थिति से निपटने के लिए भी पुलिस तैयार रहेगी।
सोशल मीडिया पर भी लगातार निगरानी की जाएगी। भ्रामक सूचना, अफवाह फैलाने या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना और सभी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है।
