संभल में छज्जा गिरने से किशोर की मौत:बंदर के कूदने से हुआ हादसा, सामान लेकर घर लौट रहा था


संभल में एक 11 वर्षीय किशोर की छत का छज्जा गिरने से मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई जब किशोर दुकान से सामान लेकर घर लौट रहा था और एक बंदर के कूदने से छज्जा टूट गया। परिजन उसे सरकारी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह घटना संभल जनपद की कोतवाली गुन्नौर क्षेत्र के नदरौली गांव में सोमवार सुबह लगभग 9 बजे हुई। मृतक की पहचान नीरज कुमार के 11 वर्षीय पुत्र कौशल कुमार के रूप में की गई है। परिजनों ने बताया कि कौशल अपने घर से करीब 100 मीटर दूर स्थित परचूनी की दुकान से सामान लेकर लौट रहा था। तभी एक बंदर के एक छत से दूसरी छत पर कूदने के कारण गांव निवासी विजेंद्र के मकान का छज्जा टूट गया और सीधे कौशल पर आ गिरा। कौशल गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और परिजन उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर थाना पुलिस भी पहुंची, लेकिन परिजनों ने इसे एक हादसा बताते हुए पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। मृतक कौशल के पिता बिजेंद्र ने दस साल पहले आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद उसकी मां सविता अपने देवर रमाकांत के साथ रहने लगीं। सविता और रमाकांत की एक दस वर्षीय बेटी करिश्मा भी है। कौशल और उसकी बहन प्रिया अपने पिता की मृत्यु के समय बहुत छोटे थे। थाना प्रभारी संजय कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि एक मकान का छज्जा गिरने से किशोर की मौत हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *