जौनपुर में समूह सखियों का प्रदर्शन:15 हजार मानदेय और नियमित करने की मांग, 48 घंटे में धरने की चेतावनी


जौनपुर के कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार दोपहर 2 बजे समूह सखी कैडर संघ की जिलाध्यक्ष पुष्पा सरोज के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने प्रदर्शन किया। उन्होंने अपनी सात सूत्रीय मांगों को लेकर अपर मजिस्ट्रेट को एक पत्र सौंपा। समूह सखियों ने चेतावनी दी है कि अगर 48 घंटे के भीतर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो वे सभी धरने पर बैठ जाएंगी। जिलाध्यक्ष पुष्पा सरोज ने बताया कि वे अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों में स्वयं सहायता समूह बनाती और उनका संचालन करती हैं। समूह से जुड़े दूसरे सभी काम भी वे ही करती हैं। इसके बदले में उन्हें हर महीने 2000 रुपये का मानदेय मिलता है। समूह सखियों का कहना है कि यह राशि उनके लिए काफी नहीं है। इससे उनके रोजमर्रा के खर्चे, मोबाइल रिचार्ज और आने-जाने का किराया भी पूरा नहीं हो पाता है। इसलिए उन्होंने शासन स्तर तक अपनी मांगें पहुंचाने की अपील की है। उनकी मुख्य मांगों में मानदेय को बढ़ाकर 15000 रुपये प्रति माह करना, काम करने के लिए टैबलेट देना, टैबलेट का रिचार्ज मुफ्त करना और आने-जाने के लिए यात्रा भत्ता देना शामिल है। इसके अलावा, समूह सखियों को स्थायी करने, मुफ्त इलाज और 5 लाख रुपये का बीमा देने की भी मांग की गई है। उन्होंने अपनी पहचान के लिए एक ड्रेस और आईडी प्रूफ देने की भी बात कही है। इस मौके पर मीनू सिंह, लक्ष्मी शर्मा, नीतू सिंह, सरिता यादव सहित कई समूह सखियां मौजूद थीं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *