![]()
संभल में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार जारी है। चिलचिलाती धूप और तेज गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आ रही हैं। रविवार सुबह न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 158 तक पहुंच गया। सुबह 8 बजे तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे के बीच अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दोपहर में बाहर न निकलने की अपील त्वचा झुलसाने वाली गर्मी और 22 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही गर्म हवाओं ने लोगों को घरों में रहने पर मजबूर कर दिया है। जिला प्रशासन ने भी लोगों से दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है। अस्पतालों में बढ़े पेट दर्द और डिहाइड्रेशन के मरीज 15 मई के बाद गर्मी ने अचानक तेज रूप ले लिया है। इसका असर स्वास्थ्य सेवाओं पर भी दिखाई दे रहा है। जिला संयुक्त चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और निजी अस्पतालों में पेट दर्द, उल्टी-दस्त और डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। जिला संयुक्त चिकित्सालय में प्रतिदिन 500 से अधिक नई ओपीडी दर्ज की जा रही हैं। डॉक्टरों ने दी सावधानी बरतने की सलाह डॉ. रामलाल यादव ने लोगों को बाहर का खाना खाने से बचने और घर का पौष्टिक भोजन करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि शरीर में पानी की कमी न होने दें और अधिक से अधिक पानी पिएं। बच्चों को बाहर मिलने वाली खाद्य सामग्री से दूर रखने की भी सलाह दी गई है। गर्मी से कारोबार और जनजीवन प्रभावित स्थानीय निवासी मोहम्मद फैज ने बताया कि सुबह से शाम तक इतनी तेज गर्मी पड़ रही है कि लोग घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। वहीं दिशांत गर्ग ने बताया कि कृषि उपकरणों के स्पेयर पार्ट्स का कारोबार गर्मी के कारण प्रभावित हो गया है, क्योंकि किसान शहर आने से बच रहे हैं।
Source link
संभल में गर्मी का कहर: 44°C तक पहुंचेगा पारा:गर्म हवाओं ने बढ़ाई परेशानी, दोपहर में बाहर न निकलने की अपील