सोनभद्र में स्नातक और शिक्षक चुनाव के लिए मतदानकेंद्र तय:स्नातक के 21 और शिक्षक निर्वाचन के 13 केंद्र बनाए गए


सोनभद्र मे वाराणसी खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव के लिए जिले में मतदेय स्थलों के प्रस्तावों को अनुमोदन दे दिया गया है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि स्नातक निर्वाचन के लिए 21 और शिक्षक निर्वाचन के लिए 13 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। इन केंद्रों पर संबंधित वर्ग के पात्र मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश और आयुक्त वाराणसी मंडल एवं रिटर्निंग ऑफिसर के निर्देशों के क्रम में मतदेय स्थलों का निर्धारण किया गया है। स्नातक और शिक्षक मतदाताओं के लिए अलग-अलग केंद्र तय किए गए हैं। मतदाताओं को अपने निर्वाचन क्षेत्र के अनुसार निर्धारित केंद्र पर ही मतदान करना होगा। स्नातक निर्वाचन के लिए 21 केंद्र वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए घोरावल, करमा, राबर्ट्सगंज, चुर्क, चतरा, नगवां, चोपन, कोन, ओबरा, दुद्धी, बीजपुर, बभनी, रेणुकूट, पिपरी, अनपरा और बीना सहित विभिन्न क्षेत्रों में मतदेय स्थल बनाए गए हैं। इनमें विकास खंड कार्यालयों के अलावा राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज, जय ज्योति उच्च माध्यमिक विद्यालय, ओबरा इंटर कॉलेज, कंपोजिट विद्यालय बीजपुर, आदित्य बिरला इंटरमीडिएट कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज पिपरी व अनपरा तथा प्राथमिक पाठशाला बीना प्रोजेक्ट शामिल हैं। इन केंद्रों के अंतर्गत संबंधित नगर निकायों और निर्धारित विकास खंड क्षेत्रों को शामिल किया गया है। यहां केवल पंजीकृत स्नातक मतदाता ही मतदान कर सकेंगे। शिक्षक मतदाताओं के लिए 13 केंद्र वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए घोरावल, करमा, राबर्ट्सगंज, चतरा, नगवां, चोपन, ओबरा, कोन, दुद्धी, बभनी, रेणुकूट, अनपरा और बीना में 13 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। इनमें संबंधित विकास खंड कार्यालयों के साथ विभिन्न इंटर कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थान शामिल हैं। इन केंद्रों पर केवल पंजीकृत शिक्षक मतदाता ही मतदान कर सकेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदान से पहले अपने निर्वाचन क्षेत्र और निर्धारित मतदेय स्थल की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि मतदान के दिन किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *