![]()
कौशांबी के मंझनपुर स्थित डायट मैदान में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संविदा कर्मचारियों का तीन दिवसीय धरना-प्रदर्शन शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। यह 8 से 10 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें करीब 800 कर्मचारी शामिल हैं। कर्मचारी नियमितीकरण सहित आठ सूत्रीय मांगों पर अड़े हैं। इनमें नियमितीकरण, समान वेतन, मानदेय वृद्धि, कैशलेस चिकित्सा, महंगाई भत्ता (डीए), गृह किराया भत्ता (एचआरए) और ग्रेच्युटी का लाभ शामिल है। उन्होंने पारदर्शी ट्रांसफर नीति, गृह जनपद में तबादले और नियमित भर्ती में 25% कोटा तय करने की मांग की। संघ अध्यक्ष डॉ. अरुण केशरवानी के मुताबिक, कोरोना महामारी में इन कर्मचारियों ने जान जोखिम में डालकर काम किया। प्रयागराज मंडल के अध्यक्ष अवनीश मिश्रा ने चेतावनी दी कि मांगें न मानी गईं तो 12 अक्टूबर से सभी संविदा कर्मचारी काम छोड़कर लखनऊ के ईको गार्डन में प्रदर्शन करेंगे। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) संविदा कर्मचारी संघ के आह्वान पर जिला मुख्यालय मंझनपुर स्थित डायट मैदान में संविदा कर्मचारियों का तीन दिवसीय शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन दूसरे दिन यानिकी शुक्रवार को भी जारी रहा। 8 अक्टूबर से शुरू हुआ यह धरना 10 अक्टूबर तक चलेगा। धरने में जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों और विभागों में कार्यरत महिला एवं पुरुष संविदा कर्मचारी शामिल हुए। संघ के अध्यक्ष डॉ. अरुण केशरवानी ने बताया कि जिले में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत करीब 800 संविदा कर्मचारी विभिन्न पदों पर कार्यरत हैं। इन कर्मचारियों ने कोरोना महामारी के दौरान अपनी जान की परवाह किए बिना अग्रिम मोर्चे पर रहकर स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसके बावजूद वर्षों से सेवा देने वाले कर्मचारियों को अब तक नियमितीकरण, नौकरी की सुरक्षा और अन्य सुविधाओं का लाभ नहीं मिल सका है। इसी को लेकर कर्मचारियों ने सरकार से अपनी मांगें पूरी करने की अपील की है। धरने के माध्यम से कर्मचारियों ने आठ सूत्रीय मांगें उठाई हैं। इनमें सभी संविदा कर्मचारियों का नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन और वर्तमान मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि प्रमुख हैं। इसके अलावा कैशलेस चिकित्सा सुविधा, महंगाई भत्ता (डीए), गृह किराया भत्ता (एचआरए) और ग्रेच्युटी का लाभ देने की मांग की गई है। कर्मचारियों ने पारदर्शी स्थानांतरण नीति लागू करने, गृह जनपद में तबादले की सुविधा देने तथा अंतर्जिला और अंतर्मंडलीय स्थानांतरण की स्पष्ट नीति बनाने की भी मांग की है। इसके साथ ही नियमित पदों पर सीधी भर्ती में एनएचएम संविदा कर्मचारियों के लिए 25 प्रतिशत कोटा निर्धारित करने की मांग उठाई गई है। धरने में दूसरे दिन संघ के अध्यक्ष डॉ. अरुण केशरवानी, जिला महामंत्री जितेंद्र सिंह परमार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जगदेव प्रसाद, उपाध्यक्ष डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा, प्रवक्ता शिवाजी रत्ना और कोषाध्यक्ष नीरज श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं इस पूरे प्रदर्शन के सम्बन्ध में जानकारी देते हुए प्रयागराज मंडल के अध्यक्ष अवनीश मिश्रा का कहना है कि अगर सरकार इस तीन दिवसीय प्रदर्शन से उनकी बात नही मानती है तो आने वाले 12 अक्टूबर से सभी संविदा कर्मचारी काम छोड़कर लखनऊ के ईको गार्डन में प्रदर्शन करेंगे।
Source link
कौशांबी में NHM संविदा कर्मचारियों का दूसरे दिन भी प्रदर्शन:नियमितीकरण सहित 8 मांगों पर अड़े, मांगें न मानी तो लखनऊ में करेंगे प्रदर्शन