शिव पुराण कथा की तैयारियों का मंत्री-डीएम ने किया निरीक्षण:बाबा बालखंडी नाथ मंदिर में 9 जून से शुरू होगी कथा, कलश यात्रा निकलेगी


अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथावाचक प्रदीप मिश्रा सीहोर वाले द्वारा बाबा बालखंडी नाथ मंदिर परिसर में आगामी 9 जून से आयोजित होने वाली शिव पुराण कथा की तैयारियों का प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने निरीक्षण किया। उन्होंने कथा स्थल पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मंत्री दयाशंकर सिंह ने आयोजन समिति के पदाधिकारियों से कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी ली और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसकी सभी तैयारियां सुनिश्चित कर ली जाएं। कलश यात्रा के साथ ही कथा स्थल पर भूमि पूजन का आयोजन भी विधि-विधान से होगा।
मंत्री ने कहा कि शिव पुराण कथा जैसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक मूल्यों का प्रसार होता है। उन्होंने आयोजन को भव्य एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से दूरदराज से आने वाले श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं अभी से सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने कथा स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, पार्किंग, यातायात नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। आयोजन समिति के सदस्यों ने जानकारी दी कि 9 जून से प्रारंभ होकर 15 जून तक चलने वाली शिव पुराण कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इसके मद्देनजर व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारी, आयोजन समिति के पदाधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। इनमें एसडीएम बांसडीह, एसओ बांसडीह रोड वंश बहादुर सिंह, जयराम सिंह, विवेक सिंह, करीमन सिंह, धर्मेंद्र सिंह, हर्ष सिंह और अमरीश पांडेय प्रमुख रूप से शामिल थे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *