शिक्षामंत्री का पुतला फूंकने से पहले पुलिस ने छीना:ललितपुर में नीट अनियमितताओं पर लोहिया वाहिनी का प्रदर्शन, इस्तीफे की मांग


ललितपुर में नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में सोमवार शाम 6 बजे लोहिया वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंकने से पहले पुलिस ने उसे छीन लिया। कार्यकर्ताओं ने इस दौरान जमकर विरोध प्रदर्शन किया और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की। यह प्रदर्शन सोमवार शाम समाजवादी लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष परवेज पठान के नेतृत्व में कंपनी बाग में हुआ। कार्यकर्ता नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध जता रहे थे। कार्यकर्ता केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंकने के लिए बाग के बाहर पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने उनके पुतले को जब्त कर लिया।
इस अवसर पर लोहिया वाहिनी जिलाध्यक्ष परवेज पठान ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र की नीतियों और प्रशासनिक विफलताओं के कारण बेरोजगार छात्र-छात्राओं और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
पठान ने आरोप लगाया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार सामने आ रही अनियमितताओं से युवाओं का भरोसा कमजोर हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि समाजवादी पार्टी इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी की पूर्व जिलाध्यक्ष ज्योति सिंह लोधी और गीता मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *