पड़ोसी ने गर्भवती महिला पर किया चाकू से हमला:आईजीआरएस शिकायत से नाराज था, अकेला पाकर किया हमला


लखनऊ के बाजारखाला इलाके में पुराने विवाद को लेकर पड़ोसी ने गर्भवती महिला के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि विरोध करने पर महिला पर चाकू से भी हमला किया गया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने रविवार शाम मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बिल्लौचपुरा गढ़ैया मदरसा मजहरूल इस्लाम निवासी नूरी पत्नी पप्पू के मुताबिक कुछ समय पहले उनका स्थानीय महिलाओं से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया था। इसके बाद नूरी ने संबंधित महिलाओं के खिलाफ आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता का आरोप है कि 8 जून की शाम वह घर पर अकेली थीं। इसी दौरान पड़ोसी साहिल शिकायत का विरोध करते हुए उनके घर में घुस आया। विरोध करने पर उसने गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करने लगा। आरोप है कि साहिल ने लात-घूंसों से हमला करने के साथ ही चाकू से वार कर दिया, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ीं। शोर सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे तो आरोपित मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की। बाजारखाला पुलिस ने रविवार शाम आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। चौकी प्रभारी बृजेश ने बताया कि महिला का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *