शाहजहांपुर में पानी की टंकी पर चढ़े दो युवक:दूसरे खेतों का पानी मेरे खेत में भरा, धान की फसल बर्बाद हुई


शाहजहांपुर में शनिवार सुबह सात बजे दो युवक पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गए। ये युवक खेत में पानी भरने से धान की फसल बर्बाद होने का आरोप लगा रहे हैं। उनका कहना है कि प्रभावशाली लोगों ने उनके खेत से पानी निकलने का रास्ता बंद कर दिया है। यह घटना खुदागंज थाना क्षेत्र के मयूना गांव की है। गांव के सूरजपाल कोरी और मनोज शनिवार सुबह करीब सात बजे पानी की टंकी पर चढ़ गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई है। सूरजपाल और मनोज ने लगभग दस बीघा खेत साझेदारी में ले रखा है, जिसमें धान की फसल लगी है। उनका आरोप है कि आसपास के खेतों का पानी उनके खेत में आ जाता है, लेकिन उसका निकास नहीं हो पाता। बताया जा रहा है कि कुछ प्रभावशाली लोगों ने खेत के पानी के निकास को रोक दिया है। खेत में पानी जमा होने से धान की फसल बर्बाद हो रही है। किसानों का कहना है कि फसल में लगाई गई लागत भी नहीं निकल पाएगी। उन्होंने शुक्रवार को स्थानीय विधायक और पुलिस से भी इसकी शिकायत की थी, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। थाना प्रभारी मौके पर मौजूद हैं और युवकों से संपर्क कर उन्हें नीचे उतारने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, युवकों का कहना है कि जब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो जाता, वे नीचे नहीं उतरेंगे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *