![]()
ललितपुर जिले के ग्राम सतगता में देशी शराब के ठेके को हटाने की मांग को लेकर मंगलवार को 20 से अधिक महिलाओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। महिलाओं ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर गांव के बीच संचालित इस ठेके को हटाने की अपील की। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने बताया कि वे जनवरी 2025 से अब तक कई बार प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और संपूर्ण समाधान दिवस में इस संबंध में शिकायतें दर्ज करा चुकी हैं। हालांकि, उनकी समस्या का समाधान अभी तक नहीं हो पाया है। शराब की वजह से होते हैं विवाद ग्रामीणों का कहना है कि गांव के बीच स्थित यह शराब ठेका सामाजिक वातावरण को नकारात्मक रूप से प्रभावित कर रहा है, जिससे आए दिन विवाद होते रहते हैं। महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि शराब की दुकान की आड़ में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब, बीयर और अन्य मादक पदार्थों की बिक्री की जाती है। विरोध करने पर ठेका संचालकों द्वारा अभद्र व्यवहार और धमकियां देने की शिकायतें भी मिली हैं। ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि शाम होते ही ठेके के पास शराबियों का जमावड़ा लग जाता है। इससे बहन-बेटियों और बुजुर्गों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है, जिससे उनकी सुरक्षा पर भी सवाल खड़े होते हैं। इस मामले पर आबकारी अधिकारी ने जानकारी दी कि शराब के ठेके को दूसरी जगह स्थानांतरित किए जाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
Source link
शराब ठेका हटाने के लिए महिलाओं का प्रदर्शन:बोलीं- संचालक धमकाता है, आबकारी अधिकारी ने कार्रवाई शुरू की