वाराणसी में 39 गोरखा प्रशिक्षण केंद्र में पासिंग आउट परेड:135 अग्निवीरों ने राष्ट्र सेवा का लिया संकल्प,ड्रोन तकनीक की दी गई स्पेशल ट्रेनिंग


39 गोरखा प्रशिक्षण केंद्र में शनिवार को आयोजित भव्य एवं गरिमामयी पासिंग आउट परेड के दौरान 135 अग्निवीरों ने राष्ट्र सेवा और मातृभूमि की रक्षा का संकल्प लेते हुए भारतीय सेना में अपने नए सफर की शुरुआत की। 24 सप्ताह के कठिन बुनियादी एवं उन्नत युद्ध प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूरा करने वाले इन युवा सैनिकों की अनुशासित चाल, सटीक ड्रिल और जोशपूर्ण प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को भावुक और गौरवान्वित कर दिया। देखें तस्वीर… परेड की सलामी एवं समीक्षा लेफ्टिनेंट जनरल जुबिन ए. मिनवाला, उत्तम युद्ध सेवा मेडल, अति विशिष्ट सेवा मेडल एवं युद्ध सेवा मेडल से सम्मानित अधिकारी तथा मुख्यालय एकीकृत रक्षा स्टाफ (ऑप्स) के डिप्टी चीफ एवं 9 गोरखा राइफल के कर्नल ऑफ द रेजिमेंट ने की। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त अग्निवीरों की उत्कृष्ट प्रदर्शन क्षमता और समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें भारतीय सेना की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाने का संदेश दिया। आधुनिक युद्ध प्रणाली की दी गई है ट्रेनिंग इस प्रशिक्षण सत्र की विशेषता आधुनिक युद्ध प्रणाली के अनुरूप तकनीक आधारित प्रशिक्षण रहा। सभी अग्निवीरों को ड्रोन संचालन एवं उससे संबंधित युद्धक कौशल का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान ड्रोन के माध्यम से टोही, निगरानी तथा स्टैंड-ऑफ अटैक मिशनों की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही जवानों को दुश्मन के मानव रहित हवाई प्रणालियों (यूएएस) का प्रभावी ढंग से मुकाबला करने के लिए भी प्रशिक्षित किया गया। अग्नि वीर सैनिकों के अभ्यास में ड्रोन तकनीक भी रहा शामिल प्रशिक्षण केंद्र द्वारा आयोजित लेक्चर, प्रदर्शन और फील्ड एक्सरसाइज में ड्रोन तकनीक को शामिल किए जाने से ये युवा सैनिक आधुनिक युद्ध की चुनौतियों का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हो गए हैं। अब ये अग्निवीर भारतीय सेना की विभिन्न सक्रिय परिचालन इकाइयों में तैनात होकर देश की सीमाओं की सुरक्षा का दायित्व निभाएंगे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *