![]()
ललितपुर में एक किसान की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने सांप के डसने से मौत होने की आशंका जताई है। किसान को बुधवार रात 11 बजे ललितपुर मेडिकल कॉलेज लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। यह घटना तालबेहट कोतवाली के रामपुर गांव की है। 35 साल का राजकुमार, जो नाथूराम का बेटा था, बुधवार शाम करीब 5 बजे खेत से चारा काटकर घर लौटा था। घर पहुंचते ही उसे अचानक चक्कर आया और मुंह से झाग निकलने लगा। परिजन उसे तुरंत तालबेहट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हालांकि, परिजन उसे झांसी न ले जाकर झाड़-फूंक कराने चले गए।
जब उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ, तो परिजन उसे रात 11 बजे ललितपुर मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत बताया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मृतक राजकुमार के परिजनों ने बताया कि उसका एक बेटा है। वह चार भाइयों और दो बहनों में तीसरे नंबर पर था। राजकुमार खेती-किसानी का काम करता था। उसके भाई ने भी सांप के डसने से ही मौत होने की आशंका जताई है।
Source link
ललितपुर में सांप के डसने से किसान की मौत:परिजन जैसे ही मुंह से झाग देखा झाड़-फूंक कराया, बाद में अस्पताल लाए