छात्र की मौत पर भड़के ग्रामीण, शव रखकर फ्लाईओवर जाम:एक करोड़ मुआवजा और घायल को सरकारी नौकरी की मांग


ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में अजायबपुर रेलवे फ्लाईओवर पर हुए हादसे में 12वीं के छात्र की मौत के बाद बुधवार को ग्रामीणों का गुस्सा फिर बढ़ गया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन और ग्रामीण शाम को शव लेकर फ्लाईओवर पर पहुंच गए। उन्होंने सीढ़ियों के रास्ते शव को ऊपर ले जाकर सड़क पर रख दिया और जाम लगा दिया। ग्रामीण मृतक के परिवार के लिए एक करोड़ रुपये मुआवजे की मांग कर रहे थे। साथ ही घायल युवक को सरकारी नौकरी और 50 लाख रुपये मुआवजा देने की भी मांग रखी गई। जाम की खबर मिलते ही पुलिस के बड़े अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की। पुलिस ने नियमों के हिसाब से मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद ग्रामीण शांत हो गए और उन्होंने जाम खोल दिया। दरअसल, यह हादसा मंगलवार रात को हुआ था। अजायबपुर रेलवे फ्लाईओवर पर डंपर की चपेट में आने से स्कूटी सवार 12वीं के छात्र करण की मौत हो गई थी। इस हादसे में अनीष गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के तुरंत बाद भी ग्रामीणों ने मौके पर जाम लगाया था। तब पुलिस ने उन्हें समझाया था। इसके बाद जाम खुलवाकर करण के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को दे दिया गया। इसके बाद ग्रामीण फिर से फ्लाईओवर पर पहुंच गए और मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर बैठ गए। इस घटना से जुड़े कई वीडियो भी सामने आए हैं। इनमें ग्रामीण शव को सीढ़ियों के रास्ते फ्लाईओवर पर ले जाते दिख रहे हैं। हालांकि, पुलिस के समझाने के बाद ग्रामीण शांत हो गए। इसके बाद शव को ले जाकर उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। बता दें कि डंपर चालक डंपर को मौके पर छोड़कर भाग गया था।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *