![]()
गाजियाबाद के सिहानीगेट थाना क्षेत्र स्थित भाटिया पॉटरीज में बुधवार शाम ट्रांसफॉर्मर बदलते समय बड़ा हादसा हो गया। नया ट्रांसफॉर्मर रखते वक्त अचानक तेज धमाके के साथ वह फट गया। इसमें भरा गर्म तेल और कॉपर के टुकड़े आसपास मौजूद कर्मचारियों पर जा गिरे। हादसे में बिजली विभाग के ठेका कर्मचारियों समेत 5 लोग झुलस गए। इनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद फैक्टरी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से झुलसे तीन लोगों को कालका गढ़ी चौराहा स्थित पन्नालाल श्यामलाल अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर सिहानीगेट पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। तेज धमाके के साथ फटा ट्रांसफॉर्मर पुलिस के मुताबिक, भाटिया पॉटरीज परिसर में पुराना खराब ट्रांसफॉर्मर हटाकर नया ट्रांसफॉर्मर लगाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रांसफॉर्मर फट गया। धमाके के साथ गर्म तेल बाहर निकला और आसपास मौजूद कर्मचारियों पर गिर गया। इससे वहां चीख-पुकार मच गई और कर्मचारी जान बचाकर भागने लगे। पुलिस के अनुसार नंदग्राम के हरिवंश नगर निवासी दीपक शर्मा (48), पुत्र देवदास शर्मा, करीब 50 प्रतिशत झुलसे थे। मुरादाबाद के मूंढापांडे थाना क्षेत्र के गोविंदपुर खुर्द निवासी नियाबुल (35), पुत्र नबी जान, करीब 80 प्रतिशत झुलसे थे। उनकी हालत गंभीर बताई गई। इसी गांव का इकरार भी हादसे में झुलस गया। दो अन्य कर्मचारी करीब 10 प्रतिशत झुलसे बताए गए हैं। इलाज के दौरान एक कर्मचारी की मौत हादसे में झुलसे कर्मचारियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई। हालांकि मृतक की पहचान और मौत के संबंध में पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। कई घंटे बाद पुलिस को दी गई सूचना सिहानीगेट पुलिस का कहना है कि हादसे के कई घंटे बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कर्मचारियों से पूछताछ की और घटनास्थल का निरीक्षण किया। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है। DCP सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि घायलों से पूछताछ में सामने आया कि पुराने ट्रांसफॉर्मर को हटाकर नया ट्रांसफॉर्मर रखा जा रहा था। इसी दौरान ट्रांसफॉर्मर फट गया और गर्म तेल कर्मचारियों के ऊपर गिरने से वे झुलस गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है।
Source link
गाजियाबाद में ट्रांसफार्म फटने से 5 झुलसे, एक की मौत:बिजली विभाग के अधिकारी 4 घंटे छिपाए रहे मामला, पुलिस जांच में जुटी