![]()
लखनऊ के उत्तरी हिस्से में ट्रैफिक जाम की समस्या कम करने के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने पक्का पुल से सीतापुर रोड तक जाने वाली बंधा रोड के चौड़ीकरण का काम शुरू कर दिया है। 3.37 किलोमीटर लंबी इस सड़क को वर्तमान 5 मीटर से बढ़ाकर 15 मीटर चौड़ा किया जाएगा। करीब 38 करोड़ रुपए की लागत वाली परियोजना को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मंगलवार को एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और अधिकारियों को तय समयसीमा के भीतर काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि पक्का पुल से प्रियदर्शिनी योजना होते हुए सीतापुर रोड तक पहुंचने वाली यह सड़क लंबे समय से ट्रैफिक दबाव झेल रही है। सड़क संकरी होने के कारण यहां आए दिन जाम की स्थिति बनती है, जिससे हजारों वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ती है। परियोजना के तहत सड़क चौड़ीकरण के लिए मिट्टी भराई का कार्य शुरू कर दिया गया है। सड़क बनने के बाद खदरा, मदेयगंज, फैजुल्लागंज, प्रियदर्शिनी योजना और आसपास के क्षेत्रों की करीब 10 लाख आबादी को राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही सीतापुर रोड और पुराने शहर के बीच आवागमन भी आसान होगा। अलीगंज स्टेडियम में बढ़ेंगी खेल सुविधाएं निरीक्षण के दौरान एलडीए उपाध्यक्ष ने अलीगंज स्थित एलडीए स्टेडियम का भी दौरा किया। उन्होंने यहां आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्वीमिंग पूल, इनडोर बैडमिंटन कोर्ट और नए बास्केटबॉल कोर्ट के निर्माण के निर्देश दिए। इसके अलावा स्टेडियम में पहले से बने लेकिन निष्प्रयोज्य पड़े जिम को अपग्रेड कर जल्द शुरू करने को कहा गया है। प्रथमेश कुमार ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि निर्धारित समय में कार्य पूरा न करने पर संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जानकीपुरम में बनेगा कम्यूनिटी सेंटर एलडीए जानकीपुरम क्षेत्र में भी नई सुविधाएं विकसित करने की तैयारी कर रहा है। कुर्सी रोड स्थित सरगम अपार्टमेंट के पास लगभग 14,800 वर्गमीटर खाली जमीन पर कम्यूनिटी सेंटर का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही परिसर में हरित विकास और हॉर्टीकल्चर से जुड़े कार्य भी किए जाएंगे। उपाध्यक्ष ने मौर्या विहार और जानकी विहार कॉलोनी के बीच बन रहे 1600 मीटर लंबे आरसीसी नाले के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। करीब 3 करोड़ रुपए की लागत वाली इस परियोजना के पूरा होने पर क्षेत्र की लगभग दो लाख आबादी को जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह, अधीक्षण अभियंता नवनीत शर्मा, जोनल अधिकारी माधवेश कुमार, वंदना पाण्डेय समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Source link
लखनऊ में 38 करोड़ से चौड़ी होगी बंधा रोड:पक्का पुल से सीतापुर रोड तक 15 मीटर चौड़ी सड़क बनेगी; 10 लाख लोगों को मिलेगा फायदा