![]()
लखनऊ के कैंट इलाके में ड्यूटी से घर लौट रहे रेलवे के एक लोको पायलट की पेड़ की मोटी डाल गिरने से मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग मदद करने की बजाय वीडियो बनाते रहे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक फौजी ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद पीजीआई ट्रामा सेंटर रेफर किए गए लोको पायलट ने बुधवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पेड़ की मोटी डाल टूटकर गिर गई ऊपर उदयगंज कैंट निवासी सुशील कुमार (41) रेलवे में लोको पायलट थे। परिवार में पत्नी मीनू, बेटी वामिका समेत अन्य सदस्य हैं। मृतक के साले राजेश के मुताबिक, मंगलवार सुबह सुशील बाइक से ड्यूटी पर गए थे। शाम करीब 5:30 बजे ड्यूटी खत्म कर घर लौटते समय छावनी स्थित बाल्मिक चौराहे के पास सड़क किनारे खड़े थे। तभी एक बड़े पेड़ की मोटी डाल अचानक टूटकर उनके ऊपर गिर गई। डाल की चपेट में आने से वह बाइक समेत नीचे दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। फौजी ने घायव को पहुंचाया अस्पताल परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद मौके पर काफी भीड़ जुट गई, लेकिन अधिकांश लोग मदद करने के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाने में लगे रहे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक फौजी ने घायल सुशील को तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पीजीआई ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। फौजी ने सुशील के ऑफिस में फोन कर हादसे की सूचना दी। जानकारी मिलते ही रेलवे के सहकर्मी और बाद में परिजन पीजीआई पहुंचे। डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई, लेकिन बुधवार दोपहर इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
Source link
लखनऊ में पेड़ की डाल गिरने से युवक की मौत:लोग बनाते रहे वीडियो, घायल को फौजी ने पहुंचाया अस्पताल