लखनऊ में खिलौनों की दुकान में लगी आग:डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद काबू: 3 गाड़ियों ने बुझाई


लखनऊ के टुडियागंज इलाके में मंगलवार सुबह कॉपी, पेन और खिलौनों की दुकान में भीषण आग लग गई। आग से दुकान में रखा बड़ी मात्रा में सामान जलकर नष्ट हो गया। दमकल की पांच गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। फायर विभाग के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 11:21 बजे यूपी-112 के माध्यम से सूचना मिली कि टुडियागंज से गिरधारीलाल इंटर कॉलेज जाने वाले मार्ग पर स्थित एक दुकान में आग लगी है। सूचना मिलते ही थाना बाजारखाला और चहल्लुम ड्यूटी में तैनात थाना सादतगंज की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहीं चौक फायर स्टेशन से प्रभारी अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में तीन दमकल गाड़ियों को तत्काल रवाना किया गया। बाद में कुल पांच दमकल वाहनों की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया गया। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि आग दो मंजिला भवन के भूतल पर स्थित कॉपी, पेन और खिलौनों की दुकान में लगी थी। दुकान के भीतर बनाए गए दो स्टोरेज (छतियों) में भारी मात्रा में रखा सामान धू-धू कर जल रहा था, जिससे पूरे इलाके में घना धुआं फैल गया। दमकल कर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। आग यूसुफ पुत्र इबलुल हसन, निवासी मुफ्तीगंज, थाना ठाकुरगंज की दुकान में लगी थी। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। फायर विभाग मामले की जांच कर रहा है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *