रोडवेज बस ने बाइक सवार पीडब्ल्यूडी कर्मचारी को मारी टक्कर:रामगंगा पुल पर हादसे के बाद लगा था जाम, हरिद्वार से लौटते समय हुआ हादसा


हरिद्वार से जल लेकर लौट रहे पीडब्ल्यूडी कर्मचारी बहादुर को मुरादाबाद के रामगंगा पुल पर अज्ञात रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। सड़क पर जाम लगा होने के कारण बहादुर ने एंबुलेंस का इंतजार नहीं किया और घायल हालत में ही क्षतिग्रस्त बाइक चलाकर रामपुर जिला अस्पताल पहुंच गए। थाना शहजादनगर क्षेत्र के शंकरपुर निवासी करीब 30 वर्षीय बहादुर शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे हरिद्वार से प्लास्टिक की बोतल में जल लेकर रामपुर के लिए निकले थे। शाम करीब चार बजे मुरादाबाद के रामगंगा नदी पुल पर एक अज्ञात रोडवेज बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बहादुर गंभीर रूप से घायल हो गए। जाम के कारण एंबुलेंस का नहीं किया इंतजार बहादुर के मुताबिक हादसे के बाद पुल पर भारी जाम लग गया था। उन्हें आशंका थी कि जाम के कारण एंबुलेंस को पहुंचने में काफी समय लग सकता है। ऐसे में उन्होंने किसी तरह खुद को संभाला और घायल अवस्था में अपनी क्षतिग्रस्त बाइक चलाकर रामपुर जिला अस्पताल पहुंच गए। बेड पर चादर नहीं, फर्श पर खून का आरोप अस्पताल पहुंचने के बाद बहादुर ने वहां भी अव्यवस्थाओं का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि उन्हें बेड नंबर नौ पर भर्ती किया गया, लेकिन बेड पर चादर नहीं थी। आसपास सफाई की स्थिति भी खराब थी। उनका आरोप है कि बेड से लेकर नीचे तक खून पड़ा हुआ था। बहादुर पीडब्ल्यूडी विभाग में राज्य कर्मचारी हैं। एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद खुद बाइक चलाकर अस्पताल पहुंचने की घटना के साथ ही जिला अस्पताल में बताई गई अव्यवस्थाओं ने स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल बहादुर का उपचार चल रहा है। वहीं, पुलिस अज्ञात रोडवेज बस की पहचान कर कार्रवाई किए जाने का इंतजार है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *