![]()
प्रयागराज के मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार शाम को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन व सरस्वती वंदना से हुई। कॉलेज के विद्यार्थियों को विभाजन-विभीषिका पर आधारित एक डॉक्यूमेंटरी दिखाई गई। जिसने दर्शकों के सामने देश के बटवारे की पीड़ा को पेश किया। इसके अलावा कॉलेज ऑफ फार्मेसी के छात्र और छात्राओं ने भारत की सांस्कृतिक विविधता पर एक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रहे। उन्होंने विभाजन में प्राण गंवाने वालों और पीड़ित परिवारों को सम्मानपूर्वक नमन किया। साथ ही कहा कि विभाजन की विभीषिका हमें सदैव राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव को सर्वोपरि रखने की सीख देती है। ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ और ‘हर घर तिरंगा’ जैसे राष्ट्रवादी संकल्पों का उल्लेख करते हुए केंद्र व प्रदेश सरकार की स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा और आधारभूत संरचना में प्रगति पर भी प्रकाश डाला। विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व प्राचार्य प्रो. (डॉ.) एस.पी. सिंह ने विभाजन की त्रासदी झेलने वाले परिवारों के प्रति सहानुभूति व्यक्त की और कॉलेज की विकास यात्रा तथा चिकित्सा क्षेत्र में उपलब्धियों का उल्लेख किया। प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) ए.के. वर्मा ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह का स्वागत किया। उन्होंने विभाजन के दौरान जान गंवाने और विस्थापन की पीड़ा झेलने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी पीड़ा और संघर्ष को स्मरण करना नई पीढ़ी को इतिहास से जोड़ने के साथ राष्ट्र की एकता के प्रति अपने दायित्व का बोध भी कराता है। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वी.के. सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय गुप्ता, पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. पी.सी. सक्सेना सहित अनेक वरिष्ठ चिकित्सक,प्रमुख अधीक्षक डॉक्टर नीलम सिंह अतिरिक्त प्रमुख अधीक्षक डॉ जितेंद्र शुक्ला,कल्चरल प्रभारी डॉ सूबिया अंसारी, डॉ संतोष सिंह और विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। लोगों ने विभाजन की विभीषिका के पीड़ितों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
Source link
MLN मेडिकल कॉलेज ने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया:छात्रों ने देखी विभाजन पर डॉक्यूमेंट्री, एकता का संकल्प लिया